नया इंडिया, 27 सितंबर 2014: महाराष्ट्र और हरियाणा के चुनावों के परिणाम क्या होंगे और उनका असर इन प्रदेशों और देश की राजनीति पर क्या होगा? इन दोनों प्रदेशों में चुनाव अगले माह होंगे। लोकसभा चुनावों के बाद ये पहले प्रांतीय चुनाव होंगे। ये उप-चुनाव नहीं हैं। उप-चुनावों में तो भाजपा का बाजा बज गया लेकिन यह कोई बड़ी बात नहीं है। यदि इन दोनों प्रांतीय चुनावों में भी वही होता है, जो उप-चुनावों में हुआ है तो उसके परिणाम बड़े गहरे होंगे।
यदि हरियाणा और महाराष्ट्र में भाजपा को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला, जो आज तक कभी नहीं मिला तो क्या होगा? तो भी सरकार भाजपा की ही बन सकती है। हरियाणा में चतुर्कोणी या पंचकोणी दंगल होगा। उनमें से कांग्रेस के अलावा कोई भी पार्टी भाजपा के साथ मिलकर सरकार बनाना चाहेगी। यदि किन्हीं अन्य दलों के आपस में मिलने से सरकार बनती होगी तो भाजपा की छवि पैंदे में बैठ जाएगी। हरियाणा में बनी विरोधी सरकार दिल्ली की भट्ठी को जब चाहे, गरम कर देगी। हरियाणा यों तो छोटा प्रांत हैं लेकिन दिल्ली उससे घिरी हुई है।
इसी तरह महाराष्ट्र का भी काफी महत्व है। मुंबई देश की वित्तीय राजधानी है। वहां शिवसेना पिछले 15 साल से लार टपका रही है लेकिन फिर भी शिवसेना मुंबई पर कब्जा नहीं कर पा रही है। भाजपा की मदद से वह कर सकती थी लेकिन अब दोनों आमने-सामने होंगे। जब दोनों मिलकर भी कब्जा नहीं कर सकें तो अलग-अलग कैसे करेंगे? हो सकता है, चुनाव के बाद वे मिल जाएं लेकिन एक-दूसरे को लंगड़ा करके मिलेंगे तो फायदा क्या होगा? यह असंभव नहीं कि पवार कांग्रेस (एनसीपी) किसी से भी मिल जाए। उसके लिए सारे विकल्प खुले हैं। उसके लिए सब बराबर हैं। क्या कांग्रेस, क्या भाजपा और क्या शिव सेना? सोनिया गांधी के खिलाफ बगावत करने वाले शरद पवार यदि उसके मंत्रिमंडल या सरकार में मजे से खेती (कृषि मंत्रालय) कर सकते है तो उन्हे इन मराठी पार्टियों से क्या एतराज़ हो सकता है? बस केंद्र के लिए चिंता तभी होगी, जबकि महाराष्ट्र में भाजपा के बिना कोई सरकार बन जाएगी। कैसा संयोग है कि भाजपा के पास न हरियाणा और न ही महाराष्ट्र में कोई मुख्यमंत्री का उम्मीदवार बनने लायक नेता है। जबकि भाजपा के तेवर ऐसे हैं, मानों दोनों प्रदेशों में सरकार उसी की बनने वाली है। इन दोनों प्रदेशों की पार्टियों ने दोनों राष्ट्रीय पार्टियों को अंगूठा दिखा दिया है, क्या आप इससे कोई संकेत ग्रहण नहीं करते हैं?
Leave a Reply