नई दिल्ली, 04 मई 2013 । दुबई निवासी हिंदी के कवि और लेखक श्री गंगाधर जसवानी का मुंबई में कल रात असामायिक निधन हो गया। वे 58 वर्ष के थे। उनके पहले काव्य संग्रह ‘देह दुबई, दिल देश’ का विमोचन प्रधानमंत्री श्री अटल बिहारी वाजपेयी ने किया था।
उनके शव को आज उज्जैन ले जाया जा रहा है। कल उनकी अंत्येष्टि होगी। भारतीय भाषा सम्मेलन के अध्यक्ष डॉ. वेदप्रताप वैदिक, प्रसिद्ध कवि श्री अशोक चक्रधर और वरिष्ठ पत्रकार श्री आलोक मेहता ने जसवानीजी के प्रति अपनी विनम्र श्रद्धाजंलि और उनके परिवार के प्रति गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। उनके अनुसार श्री जसवानी के निधन से भारत और हिंदी ने अपना एक सच्चा प्रवासी भारतीय खो दिया है।
पिछले चार दशकों से दुबई में रह रहे, उज्जैन निवासी श्री जसवानी की अनेक पांडुलिपियां प्रकाशन के लिए तैयार थी। वे सफल व्यापारी और उदार व्यक्तिव के धनी थे। उनकी रचनाओं का बांग्ला भाषा में भी अनुवाद हुआ है। वे अपने पीछे अपनी पत्नी और एक बेटे को छोड़ गए हैं। श्री जसवानी की अंत्येष्टि में उपस्थिति रहने के लिए दुबई, दिल्ली, मुंबई और इंदौर से भी अनेक महत्वपूर्ण लोग उज्जैन पहुंच रहे हैं।
Leave a Reply