इंदौर। बड़ा गणपति से रविवार सुबह जब श्रद्धालु बिजासन मां को चुनरी चढ़ाने के लिए निकले तो लोग उन्हें देखते ही रह गए। लाखों सितारों से सजी दो किलाेमीटर लंबी चुनरी बिजासन मां को चढ़ाई गई। यात्रा में भक्तों का जनसैलाब उमड़ा। यात्रा के माध्यम से जहां स्वदेशी अपनाओ देश बचाओ का संदेश दिया वहीं खास बात यह थी कि यात्रा में हजारों लोग शामिल हुए।
वरिष्ठ पत्रकार वेदप्रताप वैदिक ने कहा- ऐसा अनुशासित और वृहद जनसमूह 65 साल पहले जवाहरलाल नेहरू की यात्रा में देखा था। यहां आकर पुरानी यादें ताजा हो गईं।
स्पीकर महाजन ने कहा- जब सबकी इतनी भक्ति दिख रही है तो फिर किसी संबोधन की जरूरत नहीं है। यही भक्ति देश को उच्च स्तर पर पहुंचाएगी।
सांसद गुप्ता ने कहा- हमारी संस्कृति और परंपरा का मिलाप यहां देखकर अभिभूत हूं। इस यात्रा से देश की अखंडता का संदेश मिल रहा है।
यात्रा में शामिल भक्त दो किमी लंबी चुनरी को थामे चल रहे थे। समापन पर मां बिजासन को चढ़ाई गई।
यात्रा में स्पीकर सुमित्रा महाजन, मंदसौर सांसद सुधीर गुप्ता, सेवा भारती के सुधीर गोयल, संत उत्तम स्वामी, वरिष्ठ पत्रकार वेदप्रताप वैदिक, महापौर मालिनी गौड़, आईडीए अध्यक्ष शंकर लालवानी, कैलाश शर्मा, पार्षद अश्विनी शुक्ला, राजेश शर्मा, जयदीप जैन, अरुण बाकलीवाल, विजय बिंजवा, रमाकांत गुप्ता, हर्ष नीमा विशेष रूप से मौजूद थे। संचालन डॉ. मंगल मिश्र ने किया।
Leave a Reply